ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के खुफिया प्रमुख की सोमवार को एक हमले में मौत हो गई। ईरान के सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। गार्ड ने इस हमले के लिए अमेरिका और इजराइल को जिम्मेदार ठहराया है। यह स्पष्ट नहीं किया गया कि मेजर जनरल माजिद खादेमी की हत्या कहां हुई।
इजराइल ने रिवोल्यूशनरी गार्ड के खुफिया प्रमुख की हत्या की जिम्मेदारी ली है। इजराइल के रक्षा मंत्री ने कहा कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के खुफिया प्रमुख मारे जा चुके हैं और इजराइल ने ईरान के नेताओं को ‘एक-एक करके’ मार गिराने की कसम खाई है।
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने यह घोषणा करते हुए कहा, ”रिवोल्यूशनरी गार्ड नागरिकों पर गोली चला रहे हैं और हम आतंकवादियों के नेताओं को खत्म कर रहे हैं। ईरान के नेता खतरा महसूस कर रहे हैं। हम उन्हें एक-एक कर खत्म करते रहेंगे।” काट्ज ने यह भी कहा कि इजराइल ने ईरान के इस्पात और पेट्रोकेमिकल उद्योगों को भी ”गंभीर नुकसान” पहुंचाया है।
उन्होंने कहा, ”हम ईरान के राष्ट्रीय ढांचे को कुचलते रहेंगे और इस आतंकवादी शासन के क्षरण और पतन का कारण बनेंगे, साथ ही उसकी आतंक फैलाने और इजराइल पर हमले करने की क्षमता को खत्म करेंगे।” इसी बीच, सोमवार तड़के ईरान की राजधानी के आसपास के रिहायशी इलाकों में कई हवाई हमले किए गए।

